जमात-उद-दावा ने अमेरिका विरोधी अभियान शुरू किया
इस अभियान के तहत पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की राजधानी लाहौर में सड़कों के किनारे कई बैनर लगाए गए हैं जिनमें डेविस के खिलाफ मृत्युदंड की मांग की गई है। डेविस लाहौर में ही पुलिस हिरासत में हैं। कुछ नेताओं ने डेविस को सार्वजनिक रूप से फांसी पर लटकाने की मांग की है।
बैनरों पर लिखा हुआ है, "रेमंड डेविस को फांसी पर लटका दो, क्योंकि उसने बेगुनाह पाकिस्तानियों की हत्या की है।" बैनरों के नीचे जमात-उद-दावा लिखा हुआ है।
ज्ञात हो कि डेविस को 27 जनवरी को लाहौर में गिरफ्तार किया गया था। डेविस पर दो पाकिस्तानी नागरिकों की हत्या का आरोप है। डेविस का दावा है कि उन्होंने आत्मरक्षार्थ गोली चलाई थी। डेविस ने कहा है कि दोनों पाकिस्तानी नागरिक उन्हें बंदूक की नोक पर लूटने की कोशिश में थे।
ऐसे में पाकिस्तान के धार्मिक दलों को अपने एजेंडे को भुनाने और सरकार पर दबाव बनाने का एक अच्छा मौका मिल गया है।
पाकिस्तान भर में हर रोज कई रैलियां आयोजित की जा रही हैं और जेयूडी नेतृत्व इस शक्ति प्रदर्शन में सबसे आगे खड़ा है।
मंगलवार को लाहौर में इसी तरह की एक रैली को सम्बोधित करते हुए जेयूडी के नेता अमीर हमजा ने आरोप लगाया कि शासक वर्ग डेविस के खिलाफ मामले को रफा-दफा करना चाहता है, लेकिन ऐसी किसी भी साजिश को किसी भी कीमत पर कामयाब नहीं होने दी जाएगी।
हमजा ने कहा, "सरकार के लोग हर घटना के पीड़ितों के यहां जाते हैं और मुआवजे की घोषण करते हैं। लेकिन डेविस द्वारा मारे गए युवकों के घर जाने के प्रति वे क्यों उदासीन बने हुए हैं।"
हमजा ने जनता से आग्रह किया है कि वे डेविस को सार्वजनिक रूप से फांसी पर लटकाने की मांग शुरू करें।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications