पृथक तेलंगाना राज्य के लिए विधेयक लाए सरकार : राजनाथ
राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील के अभिभाषण के बाद धन्यवाद प्रस्ताव पर बोलते हुए भाजपा सांसद राजनाथ सिंह ने लोकसभा में कहा, "हमारी पार्टी तेलंगाना आंदोलन का पूरी तरह से समर्थन करती आई है।"
भाजपा के पूर्व अध्यक्ष ने श्रीकृष्णा जांच समिति की रिपोर्ट पर कोई कार्रवाई न करने पर सरकार पर निशाना साधा। इस समिति ने तेलंगाना मसले के समाधान के लिए सरकार को छह विकल्प सुझाए हैं।
सिंह ने पूछा, "समिति द्वारा रिपोर्ट सौंपने के बाद सरकार क्या कर रही है। तेलंगाना पर जितना जल्दी हो सके सरकार विधेयक लाए। हम इसका समर्थन करेंगे ताकि तेलंगाना राज्य का गठन हो सके।"
ज्ञात हो कि पृथक तेलंगाना के मुद्दे पर आंध्र प्रदेश विधानसभा में लगातार तीसरे दिन मंगलवार को भी कामकाज नहीं हो सका।
तेलंगाना के विधायकों ने एक पृथक राज्य के गठन के लिए विधानसभा द्वारा एक प्रस्ताव पारित करने की मांग को लेकर सदन की कार्यवाही रोक दी।
उल्लेखनीय है कि तेलंगाना क्षेत्र के सांसदों ने पृथक राज्य के गठन की मांग करते हुए बजट सत्र के पहले दिन सोमवार को संसद में और उसके बाहर प्रदर्शन किया।
तेलंगाना मुद्दे पर जारी गतिरोध का हल निकालने के लिए श्रीकृष्णा समिति ने गत सात जनवरी को अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंप दी। समिति ने अपनी रिपोर्ट में सात सुझाव दिए हैं इनमें उसने 'एकीकृत आंध्र प्रदेश' को 'सबसे उपयुक्त विकल्प' बताया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications