नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से हवाई अड्डे का सफर 20 मिनट में
मेट्रो के डिब्बों में एलसीडी स्क्रीन भी लगी होगी, जिससे यात्रियों को विमानों के परिचालन के बारे में जानकारी मिल सकेगी। इस मार्ग पर चलने वाली मेट्रो ट्रेन में छह कोच होंगे और सभी में आधा हिस्सा सामानों के लिए आरक्षित होगा। सार्वजनिक-निजी भागीदारी के तहत यह मेट्रो की पहली परियोजना है।
दिल्ली एयरपोर्ट मेट्रो एक्सप्रेस प्राइवेट लिमिटेड (डीएएमईपीएल) के एक अधिकारी ने बताया कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे तक 23 किलोमीटर के इस मार्ग पर मेट्रो का परिचालन बुधवार दोपहर 2 बजे से शुरू कर दिया जाएगा। शुरुआत में इस मार्ग पर प्रतिदिन पांच से छह ट्रेन चलेंगी। ट्रेन हर 20 मिनट पर चलेगी। बाद में इस मार्ग पर ट्रेनों की संख्या बढ़ाई जाएगी।
इस मार्ग पर मेट्रो का सफर थोड़ा महंगा होगा। भाड़ा 20 रुपए से 100 रुपए तक होगा। नई दिल्ली से हवाई अड्डे तक का सफर 80 रुपए में तय किया जा सकेगा, जबकि रेलवे स्टेशन से द्वारका के सेक्टर-21 तक जाने के लिए यात्रियों को 100 रुपए खर्च करने होंगे।
5,700 करोड़ रुपए की लागत से बने मेट्रो के इस मार्ग पर छह स्टेशन- नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, शिवाजी स्टेडियम, धौला कुआं, दिल्ली एयरो सिटी, इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट और द्वारका सेक्टर-21 हैं। धौला कुआं और दिल्ली एयरो सिटी स्टेशन हालांकि अभी पूरी तरह तैयार नहीं हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications