लखनऊ लोकोमोटिव वर्कशॉप में आग से अफरा-तफरी
लखनऊ, 22 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तर रेलवे के लोकोमोटिव वर्कशॉप में यहां मंगलवार को आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन (मुख्य रेलवे स्टेशन) से सटे लोकोमोटिव वर्कशॉप के अंदर अचानक लगी आग कुछ ही देर में वर्कशॉप के एक बड़े हिस्से में फैल गई।
लखनऊ के मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) राजेंद्र तिवारी ने संवाददाताओं को बताया कि आग वर्कशॉप के काफी हिस्से में फैल गई थी। दमकल की गाड़ियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया नहीं तो वर्कशॉप में खड़े रेलवे इंजन व मशीनें आग की चपेट में आकर जल जातीं और बड़ा नुकसान हो जाता।
तिवारी ने बताया कि वर्कशॉप में रेलवे इंजन की मरम्मत का काम होता था। अधिकारियों के मुताबिक आग लगने का पता चलते ही हालांकि वर्कशॉप में मौजूद ज्यादातर रेलवे कर्मचारी बाहर निकल आए थे। कुछ लोग जो फंस रह गए, उन्हें समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
तिवारी के मुताबिक आग किन कारणों से लगी, यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है। घटना की जांच की जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications