गिलानी के समर्थन में कश्मीर में बंद, जनजीवन प्रभावित
श्रीनगर। हुर्रियत कांफ्रेंस के कट्टरपंथी धड़े के नेता सैयद अली गिलानी के समर्थन में जम्मू एवं कश्मीर में आयोजित बंद से जनजीवन प्रभावित हुआ। गिलानी के दिल्ली छोड़ने पर रोक लगा दी गई है।
हुर्रियत कांफ्रेंस के कट्टरपंथी धड़े ने एक बयान जारी कर कहा है कि दिल्ली पुलिस ने अध्यक्ष सैयद अली गिलानी के नई दिल्ली छोड़ने पर प्रतिबंध लगा दिया है। गिलानी नई दिल्ली अपना इलाज कराने गए थे और मंगलवार को उनका श्रीनगर लौटने का कार्यक्रम था।
जम्मू एवं कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर सहित अन्य हिस्सों में दुकानें, व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे और सड़कों पर सार्वजनिक वाहनों की आवाजाही भी नहीं हुई।बंद के दौरान हालांकि श्रीनगर की सड़कों पर निजी वाहनों की आवाजाही जारी रही।
कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों और अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
उधर, दिल्ली पुलिस ने कहा, "हवाला के मामले में गिलानी को अधिकरियों के समाने प्रस्तुत होने के लिए एक निश्चित तारीख और समय तय करने के लिए कहा गया है। इस मामले में उनके एक करीबी सहयोगी को पिछले साल गिरफ्तार किया गया था।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications