असम में जनजातीय छात्र नेता की हत्या
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ऑल आदिवासी स्टूडेंट्स एसोसिएशन ऑफ असम (एएएसएए) के एक प्रभावी नेता बोस्को चेर्माको की अज्ञात उग्रवादियों ने मंगलवार सुबह करीब 10 बजे पश्चिम बंगाल की सीमा से सटे असम के कोकराझर जिले में गोली मारकर हत्या कर दी। शुरुआती जांच से मालूम होता है कि बंदूकधारी मोटरसाइकिल से आए थे और एके-47 से उन्होंने काफी करीब से चेर्माको को गोली मारी। चेर्माको अपनी ससुराल जा रहे थे।
अब तक किसी भी संगठन ने हत्या की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन पुलिस को इसके पीछे नेशनल डेमोक्रेटिक फ्रंट ऑफ बोडोलैंड (एनडीएफबी) का हाथ होने की आशंका है। पुलिस के अनुसार यह इलाका पूरी तरह बोडो उग्रवादियों के कब्जे में है। उनके और दूसरे जनजातीय समूहों के बीच अक्सर वर्चस्व की लड़ाई होती रहती है। चेर्माको की हत्या उसी का परिणाम हो सकती है।
इससे पहले सोमवार को उल्फा उग्रवादियों ने तिनसुकिया जिले के तेंगापणि में एक कांग्रेस नेता भोला शाह के घर में घुसकर अंधाधुंध गोलीबारी की थी। हमले के वक्त वह घर में नहीं थे, इसलिए बाल-बाल बच गए। उल्फा पहले ही राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस नेताओं को जान से मारने की धमकी दे चुका है। उसने लोगों से भी चुनाव में भाग न लेने की अपील की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications