विकास में भ्रष्टाचार बाधक : कुंवर
राज्यपाल कुंवर ने कहा कि सरकार अगले पांच वर्षो में बिहार को विकसित राज्य की श्रेणी में लाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार के सुशासन कार्यक्रम के तहत सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और भ्रष्टचार उन्मूलन प्राथमिकता रही है, लेकिन जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप खरा उतरने के लिए अभी और मेहनत की जरूरत है।
उन्होंने विकास में भ्रष्टाचार को बाधक बताते हुए कहा कि सरकार भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए प्रयत्नशील है। सरकार में शामिल मुख्यमंत्री सहित सभी मंत्रियों ने अपनी चल और अचल संपत्तियों का ब्योरा वेबसाइट पर प्रकाशित कर एक मिसाल पेश की है। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी अधिकारियों को भी अपनी सम्पत्तियों को घोषित करने का निर्देश दे दिया गया है।
उन्होंने कहा कि लोगों को लोक सेवा प्रदान करने वाली प्रणालियों को मजबूत बनाया जा रहा है। जन शिकायतों के निवारण के लिए 'जनता के दरबार में मुख्यमंत्री' कार्यक्रम के तहत प्रत्येक सोमवार को मुख्यमंत्री खुद लोगों की शिकायतें सुनते हैं और उनका निराकरण करते हैं।
इधर, राज्यपाल के अभिभाषण के पूर्व ही विपक्षी दलों ने सरकार के विरोध में नारे लगाए और विभिन्न आरोपों से सम्बंधित तख्तियां भी राज्यपाल को दिखाईं। राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान बीच-बीच में भी विपक्षी सदस्यों ने टोकाटोकी की।
उल्लेखनीय है कि 30 मार्च तक चलने वाले इस बजट सत्र में 25 फरवरी को राज्य के वित्त मंत्री एवं उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी आम बजट पेश करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications