बजट सत्र में मंगलवार को होगी जेपीसी की घोषणा!

नियंत्रक और महालेखा परीक्षक (सीएजी) के मुताबिक इस घोटाले से देश को बड़े पैमाने पर आर्थिक नुकसान हुआ है। इस नुकसान की भरपाई कैसे होगी इस बारे में तो फिलहाल किसी ने नहीं सोचा लेकिन हां घोटालेबाजों की धरपकड़ के लिए जेपीसी का गठन अब जरूर होगा। कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि सरकार जेपीसी के लिए राजी हो गई है। असल में विपक्षी दलों के हंगामों के चलते शीत कालीन सत्र बिना किसी कार्यवाही के निकल गया था।
केंद्र सरकार नहीं चाहती कि यह सत्र भी हंगामों की भेंट चढ़ जाए। दूसरी ओर राष्ट्रपति ने अपने अभिभाषण में भ्रष्टनेताओं पर शिकंजा कसने और विदेशी बैंकों में काले धन को स्वदेश वापस लाने पर गहन कार्रवाई की बात कही है। लिहाजा केंद्र एक-एक कदम आगे बढ़ाएगी और भ्रष्टाचारियों को पकड़ने के लिए जेपीसी से अच्छा कोई फॉर्मुला नहीं।
उधर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की बातों से भी यह साफ लग रहा है कि मंगलवार को जेपीसी की घोषणा हो जाएगी। मनमोहन सिंह ने सोमवार को आशा व्यक्त की कि संसद का बजट सत्र 'शांतिपूर्ण और फलदायी' साबित होगा। उन्होंने कहा, "संसद का बजट सत्र काफी अहम होता है। संसद के दोनों सदनों में बजट पर चर्चा होती है और उसे पारित किया जाता है। हमें आशा है कि हम कुछ महत्वपूर्ण विधेयकों को भी पेश कर सकेंगे।"












Click it and Unblock the Notifications