जोर्डन में अब्दुल्ला ने किया सुधार का वादा
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक अब्दुल्ला ने कहा, "मैं शीघ्र और वास्तविक सुधार चाहता हूं। यदि ऐसा नहीं हुआ तो हालात विगत दिनों की तरह ही रहेंगे।"
उन्होंने कहा, "जिन लोगों को सुधारों की जिम्मेदारी दी गई थी उन्होंने अपनी हिचकिचाहट और परिवर्तन के डर से कई मौकों को गंवा दिया।"
अब्दुल्ला ने अपने पीछे छुपे अधिकारियों को भी चेतावनी दी और कहा कि मंत्रियों द्वारा अपनी कारगुजारियों के लिए अपने वरिष्ठों को जिम्मेदार ठहराया जाना वह स्वीकार नहीं करेंगे।
ज्ञात हो कि ट्यूनीशिया और मिस्र में हुए सत्ता परिवर्तन के बाद जोर्डन में जनांदोलन ने जोर पकड़ लिया है। पिछले छह सप्ताहों से व्यवस्था में सुधार के लिए देश भर में प्रदर्शन हो रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि अब्दुल्ला ने दो सप्ताह पहले प्रधानमंत्री समीर रिफै की सरकार को भंग कर दिया और इसके स्थान पर पूर्व प्रधानमंत्री मारूफ बखित के नेतृत्व में एक नए मंत्रिमंडल का गठन किया।
राजा ने कहा कि उन्होंने नई सरकार को सभी राजनीतिक स्तर पर 'व्यापक और पारदर्शी संवाद' शुरू करने का निर्देश दिया है। साथ ही अब्दुल्ला ने कहा कि उन्होंने जनता द्वारा प्राप्त भ्रष्टाचार की शिकायतों की जांच का भी आदेश दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications