उप्र में छात्रों से संशोधित राष्ट्रगान गवाता है एक निजी विद्यालय
अम्बेडकर नगर, 21 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के अम्बेडकर नगर जिले में एक निजी विद्यालय प्रबंधन छात्रों से राष्ट्रगान की शब्दावली को संशोधित कर गवा रहा है। इस कारण विवाद पैदा हो गया है।
जिला मुख्यालय से 20 किमी दूर टांडा कस्बे के लॉर्ड बुद्धा अम्बेडकर अर्जक मिशन पब्लिक स्कूल के छात्र विद्यालय की सुबह की प्रार्थना में नित्य संशोधित राष्ट्रगान गाते हैं। कुछ सप्ताह पहले विद्यालय के प्रबंधक रघुनाथ सिंह ने राष्ट्रगान की कुछ पंक्तियों के शब्दों को बदल दिया। तब से यह सिलसिला जारी है।
ज्ञात हो कि बुनियादी शिक्षा परिषद से मान्यता प्राप्त कक्षा पांच तक के इस स्कूल में 400 छात्र पंजीकृत हैं।
छात्रों द्वारा प्रार्थना में गाए जा रहे संशोधित राष्ट्रगान की दूसरी पंक्ति में उल्लिखित 'अधिनायक' शब्द की जगह 'उत्प्रेरक' शब्द गाया जा रहा है। इसी तरह तीसरी पंक्ति के शब्द 'भारत भाग्य विधाता' के बदले 'स्वर्णिम भारत निर्माता' गाया जा रहा है। वहीं 'तव शुभ आशीष मांगे' को 'तब शुभ कामना मांगे' गाया जा रहा है।
रघुनाथ सिंह ने सोमवार को यहां संवाददाताओं से कहा, "अधिनायक शब्द राजा को संबोधन के लिए था। अब हम स्वतंत्र हैं। जनतंत्र में 'अधिनायक' शब्द का कोई मायने नहीं है। सिंह ने कहा कि यह राष्ट्रगान पहली बार ब्रिटिश शासक जार्ज पंचम के स्वागत में गाया गया था। मेरे विचार में राष्ट्रगान की कई पंक्तियां राजा का यशोगान करती है। इसलिए मैंने उन्हें बदल दिया।"
उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्रगान में संशोधन करने के पीछे उनका मकसद देश के लोगों की भावनाओं को आहत पहुंचाना नहीं है। वह स्वयं एक भारतीय है, इसलिए वह ऐसा सोच भी नहीं सकते।
इस बारे में पूछे जाने पर जिला बुनियादी शिक्षा अधिकारी (बीएसए) राकेश कुमार ने आईएएनएस से कहा, "हां, मामला मेरे संज्ञान में आया है..मैंने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। इस स्कूल की मान्यता रद्द करके प्रबंधन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications