वित्त वर्ष 2011-12 में विकास दर 9 फीसदी रहेगी : रंगराजन (लीड-1)
रंगराजन ने वित्त वर्ष 2010-11 की आर्थिक समीक्षा जारी करते हुए कहा कि अगले साल सेवा और औद्योगिक क्षेत्र में बेहतर विकास की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि मौजूदा वित्त वर्ष में विकास दर 8.6 फीसदी रहेगी, जो बजटीय अनुमान और पिछले साल व्यक्त किए गए अनुमान के समीप है।
केंद्रीय सांख्यिकी संगठन ने हाल ही में पूर्वानुमान व्यक्त किया था कि चालू वित्त वर्ष में विकास दर 8.6 फीसदी रहेगी।
रंगराजन ने कहा कि अगले साल सेवा क्षेत्र में 10.3 फीसदी और औद्योगिक विकास के 9.2 फीसदी रहने का अनुमान है। कृषि क्षेत्र की विकास दर हालांकि इस साल के उच्च आधार दर अनुमानित 5.4 फीसदी के कारण कम रहेगी। अगले साल कृषि क्षेत्र की विकास दर के तीन फीसदी रहने का अनुमान है।
रंगराजन ने कहा कि मौजूदा वित्त वर्ष में कृषि क्षेत्र में बेहतर विकास दर्ज किया जाएगा, लेकिन यह ध्यान रखना होगा कि इससे पहले के दो सालों में इस क्षेत्र का विकास धीमा था।
विनिर्माण क्षेत्र के विकास में नवम्बर और दिसम्बर में आई गिरावट से अनुमान लगाया जा सकता है कि चौथी तिमाही में इस क्षेत्र का प्रदर्शन बहुत अच्छा नहीं रहेगा। इसका असर सकल विकास दर पर पड़ेगा।
भारतीय रिजर्व बैंक के पूर्व गवर्नर ने कहा कि चालू वित्त वर्ष में सकल औद्योगिक विकास दर 8.1 फीसदी और विनिर्माण क्षेत्र की विकास दर 8.8 फीसदी रहने की सम्भावना है।
उन्होंने कहा कि पिछले दो महीनों में विनिर्माण क्षेत्र की विकास दर के धीमी रहने का कुल विकास दर पर नकारात्मक असर पड़ सकता है, लेकिन इसकी कुछ हद तक भरपाई खनन और सेवा क्षेत्र के बेहतर प्रदर्शन से हो जाएगी।
पहली छमाही में सेवा क्षेत्र के बेहतर प्रदर्शन के कारण इस वित्त वर्ष में सेवा क्षेत्र की विकास दर 9.6 फीसदी रहने की सम्भावना है।
उन्होंने कहा कि इस वित्त वर्ष में 230 अरब डॉलर का निर्यात होने और 362 अरब डॉलर का आयात होने की सम्भावना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications