ज्ञानेश्वरी तोड़फोड़ मामले में नक्सल समर्थक गिरफ्तार
कोलकाता, 21 फरवरी (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के पश्चिम मिदनापुर जिले में 28 मई, 2010 को ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस रेलगाड़ी में की गई तोड़फोड़ के मामले में एक नक्सली समर्थक कार्यकर्ता को गिरफ्तार किया गया है। तोड़फोड़ के कारण हुए हादसे में 148 लोगों की मौत हो गई थी।
पश्चिम मिदनापुर के अतिरक्त पुलिस अधीक्षक (आपरेशंस) मुकेश कुमार ने सोमवार को बताया, "ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस हादसे के आरोपियों में से एक बबलू राणा है। इस हादसे की जांच कर रही केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा पेश किए गए आरोप पत्र में उसका नाम था। उसे जिले के झारग्राम उपमंडल में मानिकपाड़ा के निकट इंद्राबोनी इलाके से गिरफ्तार किया गया।"
कुमार ने आईएएनएस को फोन पर बताया, "वह नक्सल समर्थक जनजातीय समूह 'पुलिस संत्रास विरोधी जनसाधारण समिति' (पीसीपीए) का सक्रिय सदस्य रहा है। वह हादसे के बाद से फरार था। जैसे ही सूचना मिली कि राणा अपने घर लौटा है, हमने छापेमारी कर रविवार देर शाम उसे गिरफ्तार कर लिया।"
सोमवार दोपहर बाद राणा को जिला अदालत के समक्ष पेश किया गया।
सीबीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि राणा इस मामले का मुख्य आरोपी बापी महतो का निकट सहयोगी रहा है। महतो को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
अधिकारी ने कहा, "हमने अदालत से गुजारिश की कि राणा को पुलिस हिरासत में भेजा जाए।"
उल्लेखनीय है कि जब ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस पटरी से पलटी, उसी समय विपरीत दिशा से आ रही एक मालगाड़ी ने उसमें जबर्दस्त टक्कर मारते हुए ज्ञानेश्वरी के पांच डिब्बों पर चढ़ गई। इसी वजह से बड़ी संख्या में यात्रियों की मौत हो गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications