मांगे मनवाने के लिए पानी टंकी पर चढ़े युवा
करीब सौ से ज्यादा की संख्या में जमा हुए मौअल्लिम-ए-उर्दू डिग्रीधारकों ने बीटीसी के समकक्ष अपनी डिग्री को मान्यता देने, मुख्यमंत्री से मुलाकात करने और प्राथमिक विद्यालयों में नियुक्ति की मांग को लेकर विधानसभा के सामने प्रदर्शन किया।
पुलिस का कहना है कि प्रदर्शनकारियों में तीन महिलाओं सहित छह डिग्रीधारक विधानसभा के पास दारुलशफा कालोनी की पानी की टंकी की पर चढ़ गए और उन्होंने धमकी दी कि जब तक राज्य सरकार उनकी मांगें नहीं मानेगी तब तक वे नीचे नहीं उतरेंगे।
लखनऊ के जिलाधिकारी अनिल कुमार सागर ने संवाददाताओं से कहा, "हमने टंकी पर चढ़े प्रदशर्नकारियों को उतारने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने..मजबूरन उन्हें बलपूर्वक नीचे उतारना पड़ा।"
उन्होंने कहा कि फिलहाल स्थिति काबू में है। सभी प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर कर दिया गया है। सागर ने कहा कि टंकी पर चढ़े प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर तत्काल सरकार का आदेश जारी करने की मांग कर रहे थे।
जिला प्रशासन के अधिकारियों के मुताबिक प्रदर्शनकारियों के नुमाइंदों से बातचीत के प्रयास किए जा रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications