भारत हर जगह लोकतंत्र का स्वागत करता है : पाटील
नई दिल्ली, 21 फरवरी (आईएएनएस)। राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील ने दुनिया में कहीं भी लोकतंत्र के उदय का स्वागत करते हुए मिस्र में हाल में घटित हुईं ऐतिहासिक घटना का सोमवार को जिक्र किया।
पाटील ने संसद के बजट सत्र के प्रारम्भ में दोनों सदनों को संयुक्त रूप से सम्बोधित करते हुए कहा, "मिस्र में हाल में ऐतिहासिक घटनाएं घटी हैं। एक लोकतंत्र के रूप में हम दुनिया में हर जगह लोकतंत्र के उदय का स्वागत करते हैं।"
पाटील ने कहा कि अपने पड़ोसी देशों में शांति, स्थिरता और विकास में भारत की स्थायी रुचि है।
नए साल में मध्य पूर्व अशांति के दौर से गुजर रहा है। ट्यूनिशिया और मिस्र में लम्बे समय से सत्ता पर काबिज रहीं सरकारों का पतन हुआ है। बहरीन और यमन में भी लोकतंत्र की लहर चल पड़ी है। लीबिया में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ हिंसक कार्रवाई किए जाने की खबर है।
पाटील ने कहा कि भारत इस क्षेत्र के घटनाक्रम पर नजर रखे हुए है। इस क्षेत्र में बड़ी संख्या में भारतीय प्रवासी हैं। उन्होंने कहा, "हमारे लाखों नागरिक वर्तमान समय में खाड़ी एवं पश्चिम एशिया में काम करते हैं। दूसरे देशों में रहने वाले भारतीय अपने देश को मूल्यवान योगदान करते हैं और वे हमें गौरवान्वित करते हैं। सरकार प्रवासियों के कल्याण के लिए लगातार काम करती रहेगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications