सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ संयुक्त राष्ट्र कंवेंशन को लागू करेगी : पाटील
पाटील ने संसद के बजट सत्र के शुरुआत में अपने अभिभाषण में कहा, "मेरी सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ संयुक्त राष्ट्र कंवेंशन को लागू करने का भी निश्चय किया है।"
पाटील ने कहा कि भ्रष्टाचार से निपटने के उपायों पर मंत्री समूह की रिपोर्ट जल्द आने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि मंत्री समूह भ्रष्टाचार से निपटने और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए संवैधानिक एवं प्रशासनिक, सभी उपायों पर विचार कर रहा है।
पाटील ने कहा कि मुखबिरों की सुरक्षा के लिए विधेयक पहले ही संसद में पेश किया जा चुका है। उन्होंने कहा, "मंत्री समूह एक सार्वजनिक खरीद नीति तैयार करने और सार्वजनिक खरीद मानक स्थापित करने, मंत्रियों के विशेषाधिकारों की समीक्षा करने और उसे समाप्त करने, प्राकृतिक संसाधनों के दोहन के लिए एक खुली एवं प्रतिस्पर्धी प्रणाली स्थापित करने, भ्रष्टाचार के आरोपी लोक सेवकों के खिलाफ मामलों को जल्द निपटाने तथा लोक सेवकों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित कराने के लिए वर्तमान कानूनों में संशोधन करने सम्बंधी मुद्दों पर विचार करेगा।"
पाटील ने कहा कि सरकार, चुनावों के लिए सरकारी कोष मुहैया कराने पर भी विचार कर रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications