प्रशांत की रिहाई के लिए केंद्र से बात करेंगे नीतीश
मुख्यमंत्री ने पटना में सोमवार को पत्रकारों से कहा कि उन्हें आज ही इस घटना की जानकारी मिली है और वह इस सम्बंध में केंद्र सरकार से बातकर प्रशांत की रिहाई की कोशिश करेंगे।
पटना के अगमकुआं थाना क्षेत्र के बहादुरपुर स्थित प्रशांत के घर में सन्नाटा पसरा हुआ है। प्रशांत के भाई निशांत के अनुसार एक सप्ताह पूर्व प्रशांत 23 लोगों के एक दल के साथ संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से जहाज लेकर सिंगापुर जा रहे थे। इसी बीच पिछले शनिवार को प्रशांत की पत्नी प्रेरणा को फोन पर सूचना मिली कि सोमालिया के पास समुद्री लुटेरों ने जहाज का अपहरण कर लिया है और उस पर सवार सभी लोगों को बंधक बना लिया गया है।
ज्ञात हो कि मोतिहारी के एक कॉलेज के प्रोफेसर डॉ नंदकिशोर सिंह के पुत्र प्रशांत वर्ष 2002 से मर्चेट नेवी की सेवा में हैं। प्रशांत की पत्नी ने बताया कि परिवार के सदस्यों ने भारतीय दूतावास से प्रशांत की रिहाई की गुहार लगाई है।
उल्लेखनीय है कि प्रेरणा अपनी आठ महीने की पुत्री अवनी को गोद में लिए अपने पति की सलामती की दुआ के लिए दिन-रात भगवान से प्रार्थना कर रही हैं। वह कहती हैं कि उन्हें आशा है कि भगवान उनकी प्रार्थना जरूर सुनेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications