कसाब को मृत्युदंड न्याय की जीत है : निकम
निकम ने सोमवार को यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा, "यह न्याय की जीत और पाकिस्तानी आतंकवादी कसाब के नाटक की पराजय है।"
उन्होंने कहा कि कसाब और उसके साथियों द्वारा चलाया गया आतंक का तूफान अंतत: समाप्त हो गया है। उन्होंने कहा कि इस फैसले पर कसाब से यह सब करवाने वाले लोगों के बीच हताशा का माहौल होगा।
निकम ने कहा कि सुनवाई के दौरान कसाब ने अक्सर अभियोजन पक्ष और जांचकर्ताओं को गुमराह करने का प्रयास किया। उसने नियमित अंतराल पर अपने बयान बदले और सुनवाई के अंत में खुद को मृत्युदंड दिए जाने की वकालत तक की।
उन्होंने कहा कि वैसे कसाब की एक भी चाल कामयाब नहीं हो सकी और बम्बई उच्च न्यायालय ने उसके कृत्य को जघन्य अपराध बताते हुए निचली अदालत की मृत्युदंड की सजा बरकरार रखी। निकम ने अदालत के फैसले पर खुशी जाहिर की।
उन्होंने कसाब के दो भारतीय साथियों फहीम अंसारी और सबाहुद्दीन अहमद को अदालत द्वारा बरी किए जाने के खिलाफ अपील करने की बात कही।
निकम ने कहा, "आदेश की प्रति प्राप्त होने के बाद मैं सरकार से सिफारिश करूंगा कि वह दोनों सह-अभियुक्तों पर आए अदालती फैसले के खिलाफ अपील करे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications