लखीमपुर खीरी में तेंदुए का शव मिला
अधिकारियों के मुताबिक जिले के भीरा अभयारण्य क्षेत्र में रविवार देर शाम जंगल के अंदर तीन साल के नर तेंदुए का शव मिला।
फिलहाल तेंदुए की मौत का कारण साफ नहीं हो पाया है लेकिन शव के तार में फंसा हुआ पाए जाने से वन अधिकारी शिकार किए जाने की आशंका से इंकार नहीं कर रहे हैं।
लखीमपुर खीरी के प्रभागीय वन अधिकारी आर.सी. झा ने यहां सोमवार को संवाददाताओं को बताया कि तेंदुए का शव लोहे के तार में बुरी तरह से फंसा पाया गया था।
उन्होंने कहा कि मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। तेंदुए के शव को पोस्टमार्टम के लिए बरेली स्थित भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications