यमन में राष्ट्रपति सालेह की बातचीत की पेशकश
सना, 20 फरवरी (आईएएनएस)। यमन के राष्ट्रपति अली अब्दुल्ला सालेह ने रविवार को विपक्ष के साथ खुला संवाद करने की पेशकश की। जबकि लोकतंत्र के समर्थन में प्रदर्शनकारियों ने अपना विरोध लगातार 10वें दिन जारी रखा।
समाचार एजेंसी 'डीपीए' के मुताबिक व्यापारियों और स्थनीय राजनीतिज्ञों के समक्ष दिए गए अपने एक भाषण में सालेह ने घोषणा की कि वह सभी 'वैध मांगों' को मानने के लिए तैयार हैं।
समाचार एजेंसी 'सबा' ने सालेह के हवाले से बताया, "हमें इस बात का पछतावा है कि हिंसक प्रदर्शनों से कुछ पत्रकार भी प्रभावित हुए हैं।"
ज्ञात हो कि यमन के नेतृत्व में परिवर्तन की मांग को लेकर लोग राजधानी सना सहित अदन और तेईज शहरों में कई दिनों से प्रदर्शन कर रहे हैं।
इस बीच यमन सरकार पर प्रदर्शनों को दबाने के लिए अत्यधिक बल प्रयोग करने का आरोप लगा है।
वेबसाइट यमनपोस्ट डॉट नेट की रिपोर्ट के मुताबिक शुक्रवार को तेईज और अदन में प्रदर्शनकारियों पर हुए दो अलग अलग हमलों में चार लोग मारे गए और दर्जन भर लोग घायल हुए थे।
भ्रष्टाचार एवं बेरोजगारी से नाराज तथा मिस्र एवं ट्यूनीशिया में हुई क्रांति से प्रेरित यमनवासी सालेह से इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। सालेह पिछले 32 वर्षो से सत्ता पर काबिज हैं।
पिछले सप्ताह सालेह ने कहा था कि वह 2013 में होने वाले राष्ट्रपति पद के चुनाव में प्रत्याशी नहीं होंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications