स्पीड नगर बना - 'स्पीडकिल्स'

ऑस्ट्रेलिया के एक छोटे से नगर ने तेज़ गति से वाहन चलाने वालों को सुरक्षा के बारे में जागरूक बनाने के लिए एक अनूठा फ़ैसला किया है.
स्पीड नाम के इस नगर को एक महीने के लिए 'स्पीडकिल्स' (यानी तेज़ गति घातक हो सकती है) के नाम से जाना जाएगा.
विक्टोरिया प्रांत के इस नगर के निवासियों को भरोसा है कि वे देश की सड़कों पर वाहन चालकों को धीमी गति से वाहन चलाने के लिए प्रोत्साहित कर पाएँगे.
बीबीसी संवाददाता निक ब्रायंट के अनुसार, "स्पीड नगर के निवासियों को उम्मीद है कि ये विचार विश्व स्तर पर, इंटरनेट के ज़रिए सनसनी पैदा कर, नए तरीके के सुरक्षा अभियान को जन्म देगा. ये विचार विक्टोरिया यातायात दुर्घटना आयोग का था जिसे स्पीड नगर के 45 निवासियों ने जल्द ही अपना लिया."
लोगों में इतना उत्साह था कि उन्होंने इस बारे में एक वीडियो भी बनाया.
ये वीडियो सोशन नेटवर्किंग साइट फ़ेसबुक पर ख़ासा कामयाब रहा है.
जहाँ एक ओर ये अभियान चल रहा है, वहीँ एक निवासी ने तो अपना नाम भी बदल लिया है.
गेहूँ उगाने और भेड़ पालने वाले एक किसान फ़िल डाउन ने अपना नाम बदलकर 'फ़िल स्लो डाउन' कर लिया है.
विक्टोरिया प्रांत के सड़क सुरक्षा अधिकारियों ने अमरीका के पाँच नगरों की पहचान की है जिनका नाम स्पीड है. अब वे उन नगरों के निवासियों को अपने अभियान की ही तरह से अभियान चलाने के लिए प्रोत्साहित करना चाहते हैं ताकि धीरे-धीरे ये अभियान दुनिया भर में चले.












Click it and Unblock the Notifications