कांग्रेस सांसद ने रामदेव पर की आपत्तिजनक टिप्पणी

यह घटना अरूणाचल प्रदेश के पासीघाट हुई। पासीघाट ईटानगर से करीब 280 किलोमीटर दूर है। दरअसल बाबा रामदेव भ्रष्टाचार और विदेशी बैंकों में जमा काले धन के मुद्दे पर राष्ट्रीय अभियान चला रहे हैं और इसी के तहत वह शनिवार को अरूणाचल प्रदेश में थे। कार्यक्रम के दौरान जब उन्होंने भ्रष्टाचार के मामलों का खुलासा किया तो उस दौरान वहां उपस्थित कांग्रेस के सांसद निनांग एरिंग ने उस पर आपत्ति जताई।
इसी दौरान सांसद ने कथित तौर पर बाबा रामदेव के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। इससे रामदेव भड़क गए और उन्होंने कहा, "मेरे साथ पहली बार ऐसा वाकया हुआ है। मैं सच बोल रहा हूं और मुझे सच बोलने से रोका जा रहा है।''
जैसे ही यह मामला प्रकाश में आया वैसे ही बाबा रामदेव के समर्थकों का गुस्सा भड़क उठा। पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण ने रामदेव के साथ हुई कथित अभद्रता को भारतीय संस्कृति पर हमला बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी सांसद की बुद्घि-शुद्घि के लिए रविवार से देश भर में यज्ञ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि योग गुरु का भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन जारी रहेगा।
सांसद एरिंग ने हालांकि बाबा रामदेव के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करने से इंकार किया। उन्होंने कहा कि बाबा ने केद्र सरकार पर भ्रष्टाचार बढ़ाने का आरोप लगाया जिसका उन्होंने विरोध किया।
सांसद ने कहा, "यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। मैंने रामदेव के खिलाफ कुछ भी नहीं कहा..शिविर के अंत में वह राजनीति के बारे में बात करने लगे.. इसलिए मैंने कहा 'बाबाजी' मैं सोचता हूं कि हमें राजनीति में जाने के बजाय योग ही करना चाहिए।"
जिला अधिकारी ओनित पानयांग ने कहा कि शिक्षा मंत्री बोइसराम साइराम ने मामले में हस्तक्षेप किया और सांसद की तरफ से क्षमा मांगी।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता प्रकाश जावड़ेकर ने नई दिल्ली में पत्रकारों से कहा कि बाबा रामदेव के प्रति ऐसे शब्दों का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। पार्टी कांग्रेस से यह अपेक्षा करती है कि वह अपने सांसद के खिलाफ कार्रवाई करेगी।"
कांग्रेस ने हालांकि इसे दो व्यक्तियों के बीच का मामला बताया और कहा कि पार्टी इस मुद्दे पर तब तक कोई टिप्पणी नहीं करेगी जब तक कि वह अरूणाचल प्रदेश इकाई से बात नहीं कर लेती। कांग्रेस प्रवक्ता शकील अहमद ने कहा, "किसी भी व्यक्ति को असभ्य भाषा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications