मां ने कर डाले बेटी के टुकड़े-टुकड़े (लीड-1)
ठाणे पुलिस ने शनिवार को बताया कि आरोपी राजरत्ना नादर (50) मानसिक रोगी है। वह बेटी अल्मामैरी और पति सेल्वाराज के साथ विरार कस्बे में रहती थी।
वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक वाई.आर. बागवान ने कहा, "अल्मामैरी के सिर पर कथित रूप से लकड़ी के उस डंडे से वार किया गया, जिसका इस्तेमाल धुलाई के समय कपड़े पर चोट देने के लिए किया जाता है। राजरत्ना ने इसके बाद सब्जी काटने के चाकू से बेटी के शरीर को टुकड़ों में काट डाला।"
उन्होंने कहा कि राजरत्ना ने बेटी के शरीर के कुछ हिस्सों को जलाने का प्रयास किया, क्योंकि वे अधजले हालत में पाए गए। उन्होंने कहा, "हमने अल्मामैरी का सिर, एक बांह और शरीर के बाकी हिस्से बाथरूम में पाए।"
बागवान ने कहा कि राजरत्ना को बात-बात पर गुस्सा आ जाता है। पति सेल्वराज के घर से बाहर जाने की स्थिति में बेटी अल्मामैरी घर में उसका खयाल रखती थी।
सेल्वाराज ने शुक्रवार रात पुलिस को दी शिकायत में कहा कि उनकी पत्नी ने न केवल बेटी की हत्या कर दी, बल्कि उसके सिर, हाथ और पैर भी काट डाले।
बागवान ने कहा, "सेल्वराज को घटना की जानकारी शुक्रवार रात मिली, जब वह काम के बाद घर लौटे।"
सेल्वराज ने जब अल्मामैरी को घर में नहीं पाया तो उन्होंने अपनी पत्नी से उसके बारे में पूछा। वह कुछ भुनभुनाने लगी जो उनकी समझ में नहीं आया।
बागवान ने कहा, "तब उन्होंने बाथरूम में बेटी का शव कटे हालत में पाया।"
पुलिस अधिकारी ने कहा, "राजरतन को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। उसका इलाज चल रहा है।"
बागवान ने कहा, "महिला मानसिक रूप से असंतुलित है। उसे यह याद नहीं है कि उसकी बेटी मर चुकी है। वह इस तरह का व्यवहार कर रही है, जैसे उसकी बेटी जीवित हो।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications