बंगाल चुनाव : ममता ने गठबंधन के लिए कांग्रेस से मांगा 'हाथ' (लीड-1)
तृणमूल कांग्रेस की यहां हुई रैली में बनर्जी ने कहा, "हम आम आदमी का बड़ा गठबंधन बनाना चाहते हैं। इस मुहिम में एसयूसीआई (सोशलिस्ट युनिटी सेंटर ऑफ इंडिया-कम्युनिस्ट) के नेता भी हमारे साथ हैं। हम चाहते हैं कि वे हमारे साथ गठबंधन करें, जैसा कि उन्होंने 2009 के लोकसभा चुनाव में किया था।"
तृणमूल कांग्रेस ने 2009 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस तथा एसयूसीआई के साथ गठबंधन किया था और 1977 से सत्तारूढ़ वाम मोर्चा को झटका दिया था। गठबंधन को लोकसभा की 42 में से 26 सीटों पर जीत हासिल हुई थी।
बनर्जी ने कहा, "हम गठबंधन के पक्ष में हैं। हम लोगों का एक बड़ा गठबंधन चाहते हैं। मैं कांग्रेस को हमारे साथ गठबंधन करने के लिए न्योता दे रही हूं। मैंने गठबंधन करने के लिए कांग्रेस से अपील की है। हम आगामी चुनाव में तृणमूल, कांग्रेस और एसयूसीआई का गठबंधन चाहते हैं।"
उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष स्थानीय निकाय चुनाव के दौरान सीटों की साझेदारी से सम्बंधित समझौता नहीं हो पाने के कारण तृणमूल और कांग्रेस के बीच गठबंधन टूट गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications