यमन में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस अधिकारी को गोली मारी
समाचार एजेंसी 'सिन्हुआ' ने पुलिस के हवाले से बताया, "अदन के जिलों में आज कोई प्रदर्शन नहीं हुआ लेकिन खौर मकसार जिले में रायफलधारी करीब 10 प्रदर्शनकारियों ने एक पुलिस अधिकारी को गोली मार दी।"
पुलिस ने बताया कि उस समय पुलिस अधिकारी अपने गश्ती वाहन के पास खड़ा था। गोली मारने के बाद प्रदर्शनकारी वहां से भाग गए।
एक अन्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि सेना ने रविवार को अधिकारियों के खिलाफ लोगों को हथियार उठाने के लिए उकसाने पर यमन के अलगाववादी नेता हसन बाऊम को गिरफ्तार किया।
ईरान के प्रेस टीवी ने रविवार को कहा है कि दक्षिणी पत्तन शहर अदन में शनिवार को विरोध प्रदर्शन के दौरान चार व्यक्ति मारे गए और तईज शहर में एक छात्र की मौत हो गई।
राजधानी स्थित सना युनिवर्सिटी के पास शनिवार को एक अन्य प्रदर्शनकारी छात्र की मौत हो गई। 16 वर्षीय इस छात्र की उस समय गोली लगने से मौत हो गई, जब बंदूकों, लाठियों व पत्थरों से लैस सरकार समर्थकों ने युनिवर्सिटी परिसर में घुसने की कोशिश की।
यमन के सुरक्षाकर्मियों ने सरकार समर्थकों को रोकने की कोई कोशिश नहीं की।
यमन में राष्ट्रपति अली अब्दुल्ला सालेह विरोधी प्रदर्शन का शनिवार को नौवां दिन था। भ्रष्टाचार एवं बेरोजगारी से नाराज तथा मिस्र एवं ट्यूनीशिया में हुई क्रांति से प्रेरित यमनवासी सालेह से इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। सालेह पिछले 32 वर्षो से सत्ता पर काबिज हैं।
पिछले सप्ताह सालेह ने कहा था कि वह 2013 में होने वाले राष्ट्रपति पद के चुनाव में प्रत्याशी नहीं होंगे।
रिपोर्ट में कहा गया है कि तईज शहर में प्रदर्शनकारियों के एक समूह पर फेंके गए एक हथगोले से दो व्यक्तियों की मौत हो गई और कम से कम 25 व्यक्ति घायल हो गए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications