कानपुर में खेल विवाद में किशोर की गला काटकर हत्या
कानपुर, 20 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में कथित तौर पर क्रिकेट खेल के विवाद में एक लड़के ने अपने 14 वर्षीय साथी की गला काटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
यह घटना जिले के सचेती थाना क्षेत्र के धरमंगतपुर गांव की है, जहां मिथुन की गड़ासे से गला काटकर हत्या करने के आरोप में पड़ोस में रहने वाले 19 वर्षीय अलखराम को रविवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक मिथुन का शव शनिवार देर रात गांव के बाहर से बरामद किया गया था।
कानपुर के पुलिस उपाधीक्षक प्रेम प्रकाश ने संवाददाताओं को बताया "शव मिलने के बाद पुलिस ने रविवार को अलखराम से पूछताछ की, जिसे आखिरी बार शनिवार देर शाम मिथुन के साथ देखा गया था। अलखराम ने पूछताछ में हत्या की बात कबूल करते हुए पुलिस को बताया कि क्रिकेट खेलने के दौरान उसका मिथुन से विवाद हुआ। शाम को वह मिथुन को समझौता करने की बात कहकर गांव के बाहर खेत में ले गया और वहां गड़ासे से उसकी गर्दन काट दी।"
प्रकाश ने बताया कि गिरफ्तार अलखराम के पास से हत्या में प्रयुक्त गड़ासा भी बरामद कर लिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications