प्रधानमंत्री को उम्मीद, फलदायी होगा बजट सत्र (लीड-2)
नई दिल्ली, 20 फरवरी (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने रविवार को विपक्ष के साथ सहयोग का संदेश दिया और उम्मीद जताई कि संसद का बजट सत्र फलदायी होगा। लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार द्वारा बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में प्रधानमंत्री ने भी हिस्सा लिया और विपक्ष ने सत्र को सुचारु रूप से चलने देने का आश्वासन दिया है।
सर्वदलीय बैठक में हिस्सा लेकर निकलने के तुरंत बाद उन्होंने संवाददताओं से कहा, "हमें आशा है कि बजट सत्र फलदायी होगा। सरकार विपक्ष द्वारा लाए जाने वाले हर मुद्दे पर चर्चा कराने को तैयार है। आम बजट सहित कई महत्वपूर्ण विधेयक पारित होने हैं। इसलिए उम्मीद है कि संसद का यह सत्र अत्यंत महत्वपूर्ण होगा।"
गौरतलब है कि मनमोहन सिंह ने इसलिए विश्वास व्यक्त किया है कि संसद का बजट सत्र सुचारु रूप से चलेगा, क्योंकि केंद्र सरकार ने 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले की जांच के लिए संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) के गठन का संकेत दिया है। यह मुद्दा इससे पहले हुई सर्वदलीय बैठक में भी रखा गया था, जिसमें अन्य नेताओं के अलावा वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने भाग लिया था।
सूत्रों के अनुसार रविवार की बैठक में 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले की जांच के लिए संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) के गठन के तौर-तरीकों पर चर्चा हुई। साथ ही इस पर चर्चा हुई कि इस सम्बंध में निर्णय की घोषणा कब की जाएगी तथा समिति का स्वरूप क्या होगा।
लोकसभा अध्यक्ष ने नेताओं को इस बात का भी अहसास कराया कि संसद में सामान्य स्थिति बहाल होना कितना महत्वपूर्ण है।
इसके पहले संसदीय मामलों के केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल ने शुक्रवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा था कि 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले की जांच के लिए जेपीसी के गठन पर सरकार एक या दो दिन में कोई निर्णय ले लेगी।
ज्ञात हो कि संसद का पूरे 23 दिनों का शीतकालीन सत्र 2जी स्पेक्ट्रम आवंट घोटाले की जांच के लिए जेपीसी गठित करने की विपक्ष की मांग की भेट चढ़ गया था।
उल्लेखनीय है कि अनुसंधान समूहों ने गणित लगाया है कि शीतकालीन सत्र की कार्यवाही बाधित होने से राजकोष को 171 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications