प्रिंस विलियम की शादी में 1900 लोगों को न्योता
मेहमानों के नाम हालांकि अभी जारी नहीं किए गए हैं, लेकिन उम्मीद की जा रही है कि दुनियाभर के सेलिब्रिटी, राजनीतिज्ञ, विभिन्न राज्यों के प्रमुख और राजघरानों के सदस्य इसमें शामिल होंगे। प्रिंस विलियम और केट 29 अप्रैल को विवाह बंधन में बंधेंगे। उनका विवाह समारोह वेस्टमिनिस्टर में होना है।
द इंडिपेंडेंट के अनुसार दोपहर के लंच रिसेप्शन में मेहमानों की संख्या 600 होगी, जो बकिंघम पैलेस में होगा। रात्रि के भोजन में 300 लोग शामिल होंगे। इससे पहले वहां नृत्य का कार्यक्रम भी होगा। 200 से अधिक मेहमान सरकार, संसद और राजनयिक विभाग से सम्बंधित होंगे, जिसमें राष्ट्रमंडल देशों के प्रधानमंत्री और विदेशी राजघराने के परिवार के सदस्य भी शामिल होंगे। विवाह समारोह में प्रधानमंत्री डेविड कैमरन पत्नी के साथ और विपक्ष के नेता एड मिलीबैंड भी शामिल होंगे।
आमंत्रण के लिए सभी मेहमानों को कार्ड भेज दिए गए हैं। कार्ड बेहद खूबसूरत है। सफेद रंग के कार्ड के चारों ओर स्वर्ण किनारा बनाया गया है। कार्ड में विवाह समारोह में शिरकत करने वाले मेहमानों से एक खास परिधान में आने के लिए भी कहा गया है और इसका बकायदा उल्लेख भी किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications