कर्नाटक में 1000 दिन पूरा करने पर भाजपा की रैली
इस मौके पर रैली को सम्बोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी ने कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार पर निशाना साधा।
गडकरी ने कहा कि संप्रग सरकार सभी मोर्चे महंगाई, राष्ट्रीय सुरक्षा, भ्रष्टाचार पर रोक लगाने और विदेशी बैंकों में जमा काले धन को वापस लाने में विफल हुई है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि भाजपा किसी समुदाय अथवा धर्म के खिलाफ नहीं है।
उत्तरी बेंगलुरू के पैलेस ग्राउंड में राज्य भर से जुटे पार्टी के हजारों सदस्यों को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा, "हमारी पार्टी का निर्माण जाति, धर्म, भाषा अथवा क्षेत्र के आधार पर नहीं हुआ है।"
पार्टी के प्रांतीय नेताओं ने दावा किया कि मई 2008 में भाजपा को सत्ता में लाने के लिए 'मतदाताओं को धन्यवाद और पार्टी सदस्यों को बधाई देने के लिए' आयोजित रैली में करीब 250,000 लोग उपस्थित हुए।
उधर कांग्रेस ने मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा के नेतृत्व वाली राज्य सरकार के कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ मैसूर में 'नदा रक्षणा' (राज्य को भाजपा से बचाओ) नाम से एक रैली का आयोजन किया।
कांग्रेस की इस रैली को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जी. परमेश्वरा, केंद्रीय श्रम मंत्री मल्लिकार्जुन खड़गे और अन्य नेताओं ने सम्बोधित किया। नेताओं ने दावा किया कि राज्य में भाजपा शासन के अंत में कुछ ही दिन शेष हैं।
गडकरी ने कांग्रेस का उपहास उड़ाते हुए कहा कि यह पार्टी 'माता और पुत्र' की है और इस पार्टी का अध्यक्ष पद एक परिवार के लिए सुरक्षित है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications