लड़ते हाथी से कूदे कोरियाई दम्पति घायल
जयपुर, 20 फरवरी (आईएएनएस)। यहां एम्बर किले में सोमवार सुबह एक कोरियाई दम्पति को हाथी से कूदने पर गम्भीर चोटें आई हैं। दरअसल ये दम्पति हाथी की सवारी कर रहे थे लेकिन तभी वे जिस हाथी पर सवार थे वह एक अन्य हाथी से भिड़ गया।
दोनों हाथियों के भिड़ जाने से डरे हुए दम्पति अपने हाथी से कूद पड़े। इस घटना में हाथी के पैरों के नीचे आ जाने से एक के सिर में चोट आई है तो दूसरे के पैर में फ्रैक्चर हो गया है।
उत्तर क्षेत्र के पुलिस उपायुक्त अशोक नरुका ने आईएएनएस को बताया, "दो पर्यटक डोइल क्वॉन (56) और किम जंग सूक (53) सुबह नौ बजे एम्बर किले में हाथी की सवारी के लिए गए थे। उन्होंने एक हाथी को किराए पर लिया और उस पर सवारी शुरू कर दी, तभी नजदीक ही खड़ा एक अन्य हाथी क्रोधित हो गया।"
हाथियों को लड़ता देख दम्पति हाथी से कूद पड़े।
नरुका ने बताया, "किम जंग सूक को सिर में गम्भीर चोटें आई हैं, उनका सिर जमीन से टकरा गया था। डोइल क्वॉन एक हाथी के पैर के नीचे आ गए थे और उनके पैर में फ्रैक्चर हो गया है।"
दोनों को यहां फोर्टिस अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications