अमेरिका ने दिए हैं नरसंहार के आदेश : ईरान
तेहरान, 20 फरवरी (आईएएनएस)। ईरानी संसद, मजलिस के अध्यक्ष अली लारिजानी ने कहा कि लीबिया और बहरीन में लोगों की हत्याएं अमेरिका के आदेश पर हो रही हैं।
लारिजानी ने रविवार को मजलिस के खुले सत्र को सम्बोधित करते हुए कहा कि मुसलमानों के खिलाफ अपराधों के लिए अमेरिकी अधिकारियों को दंड भुगतना चाहिए।
समाचार एजेंसी इरना ने लारिजानी के हवाले से कहा कि इस्लामिक उमाह (समुदाय) मानता है कि अमेरिका ने इस तरह के आपराधिक कृत्य का आदेश दिया है।
लारिजारी ने कहा, "अमेरिका खुद को लोकतंत्र का पैरोकार होने का दावा करता है, लेकिन इसके बावजूद वह क्षेत्रीय तानाशाहों को आदेश देता है कि वे अपने लोगों के खिलाफ इस तरह के कड़े कदम उठाए।"
लारिजानी ने क्षेत्रीय सरकारों से कहा कि उन्हें अमेरिका के राजनीतिक जाल में नहीं फंसना चाहिए और क्षेत्र में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों की हिफाजत करने की कीमत नहीं चुकानी चाहिए।
समाचार एजेंसी इसना ने लारिजानी के हवाले से कहा, "ऐसा लगता है कि अमेरिका लोकतंत्र की वकालत करने के मामले में अपने ही वादों के खिलाफ काम करता है और अन्य देशों के नेताओं को आदेश देता है कि वे अपने लोगों के खिलाफ कड़ाई से पेश आएं।"
लारिजानी ने इन देशों की सरकारों को सुझाव दिया कि उन्हें ट्यूनिशिया और मिस्र के नेताओं की हरकतों से सीख लेनी चाहिए और अपने लोगों का पक्ष लेना चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications