लोकसभा अध्यक्ष को उम्मीद सुचारु चलेगा बजट सत्र
नई दिल्ली। लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार और विभिन्न दलों के नेताओं को उम्मीद है कि सोमवार से शुरू हो रहा संसद का बजट सत्र शीतकालीन सत्र की तरह भ्रष्टाचार के मुद्दों पर भारी विरोध और हंगामे की भेंट नहीं चढ़ेगा, बल्कि सुचारु ढंग से चलेगा। मीरा कुमार ने शनिवार को आईएएनएस से कहा, "मैं बहुत आशान्वित हूं। मैं समझती हूं कि सभी दलों के नेताओं के बीच आम सहमति है कि संसद की कार्यवाही सुचारु रूप से चलनी चाहिए।"
लोकसभा अध्यक्ष रविवार को विभिन्न दलों के नेताओं को औपचारिक भोज पर बुलाने वाली हैं। कयास लगाया जा रहा है कि उस दौरान वह पार्टी नेताओं से संसद की कार्यवाही सुचारु रूप से चलने देने का आग्रह करेंगी। केंद्र सरकार एक या दो दिन में 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले की जांच के लिए संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) गठित करने सम्बंधी निर्णय लेने वाली है। संसदीय कार्य मंत्री पवन कुमार बंसल ने इस आशय की जानकारी शुक्रवार को बजट पूर्व संवाददाता सम्मेलन में दी थी। राजनीतिक हलकों में कहा जा रहा है कि सरकार जेपीसी गठन पर सहमत हो गई है।
ज्ञात हो कि पिछले वर्ष नवम्बर-दिसम्बर में 23 दिनों का संसद का शीतकालीन सत्र जेपीसी गठन की विपक्षी दलों की मांग न माने जाने के विरोध में हंगामे की भेंट चढ़ गया था। अनुसंधान समूहों ने गणित लगाया है कि शीतकालीन सत्र में संसद की कार्यवाही बाधित रहने से राजकोष को 171 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी ने आठ फरवरी को हुई सर्वदलीय बैठक में संकेत दिया था कि सरकार अब जेपीसी गठन के लिए तैयार है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications