राहत से फिर हुई पूछताछ

राहत से फिर हुई पूछताछ
अवैध रुप से विदेशी मुद्रा लेकर चलने के मामले में पाकिस्तान के मशहूर सूफ़ी गायक राहत फ़तेह अली ख़ान और उनके दो सहयोगियों मारूफ़ अली और चित्रेश श्रीवास्तव से राजस्व गुप्तचर निदेशालय के दिल्ली दफ़्तर में एक बार फिर लंबी पूछताछ हुई है.तीनों लोगों से अलग-अलग हुई पूछताछ लगभग दस घंटे तक चलती रही.

समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार इस मामले में मुंबई के विदेशी मुद्रा विनिमय कंपनी के दो कर्मचारियों से भी पूछताछ हुई है.उल्लेखनीय है कि 37 वर्षीय गायक राहत फ़तेह अली ख़ान को गत 13 फ़रवरी को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हिरासत में लिया गया था क्योंकि उनके पास निर्धारित सीमा से बहुत अधिक विदेशी मुद्रा मिली थी.

अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने राहत फ़तेह अली ख़ान और उनके सहयोगियों के पास से 1.24 लाख डॉलर की विदेशी मुद्रा बरामद की है.दिल्ली में जिन तीन लोगों से पूछताछ हुई उनमें से मारुफ़ अली तो राहत फ़तेह अली ख़ान के मैनेजर हैं जबकि चित्रेश श्रीवास्तव बॉलीवुड के मशहूर संगीत निर्देशक आदेश श्रीवास्तव के बड़े भाई और एक इवेंट मैनेजमेंट कंपनी के संचालक हैं.

चित्रेश श्रीवास्तव ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राहत फ़तेह अली ख़ान के संगीत कार्यक्रमों का कामकाज देखते हैं.राजस्व गुप्तचर निदेशालय के सूत्रों ने बीबीसी को बताया कि गुरुवार को हुई पूछताछ में पहले तो राहत फ़तेह अली ख़ान से उनके पहले दिए गए बयान की पुष्टि करवाई गई.निदेशालय के सूत्रों के अनुसार राहत फ़तेह अली ख़ान ने 14 फ़रवरी को दिया गया अपना पहला बयान उर्दू में दर्ज करवाया था. लेकिन गुरुवार को उनका बयान तत्काल अनुवाद करके अंग्रेज़ी में दर्ज किया गया.

अधिकारियों ने राहत फ़तेह अली ख़ान से तीन कार्यक्रमों और उनके भुगतान के बारे में पूछताछ की है. इनमें से एक दुबई में हुआ था, एक वाघा बॉर्डर पर और तीसरा दक्षिण अफ़्रीका के नैरोबी में.सूत्रों के अनुसार राहत ये स्वीकार कर चुके हैं कि ये पहली बार नहीं है जब वे निर्धारित सीमा से अधिक विदेशी मुद्रा लेकर यात्रा कर रहे थे. सूत्रों के अनुसार पहले दिए गए अपने बयान में उन्होंने माना है कि इससे पहले भी दो बार वे 40-40 हज़ार डॉलर की राशि लेकर पाकिस्तान जा चुके हैं.

उन्होंने दक्षिण अफ़्रीका के एक कार्यक्रम के लिए भारतीय मुद्रा में भी भुगतान लेना स्वीकार किया है. सूत्रों का कहना है कि राहत फ़तेह अली ख़ान ने कहा है कि चूंकि चित्रेश श्रीवास्तव उनका कामकाज देखते हैं और वे भारत में रहते हैं इसलिए उन्होंने रुपयों में भुगतान किया था.

निदेशालय में हुई पूछताछ में दूसरे दिन मारुफ़ अली से उनके लैपटॉप में दर्ज ब्यौरों के बारे में पूछताछ की गई है.अधिकारियों का कहना है कि मारुफ़ के ईमेल में ज़्यादातर वे हैं जो चित्रेश श्रीवास्तव ने भेजे हैं और इनमें शो के अलावा भुगतान और वीज़ा के मामलों का ज़िक्र है.सूत्रों का कहना है कि इससे ज़ाहिर होता है कि राहत फ़तेह अली ख़ान ज़्यादातर मामलों में अपनी फ़ीस शो से पहले ही लेते रहे हैं.

विवरण के अनुसार शो की कुल राशि का 25 प्रतिशत वे मामला तय होने के साथ लेते रहे हैं जबकि 25 प्रतिशत बीच में और बाक़ी के 50 प्रतिशत शो से कम से कम एक सप्ताह पहले लेते रहे हैं.बताया जाता है कि मारूफ़ अली को ज़्यादा जानकारी नहीं थी और ज़्यादा जानकारी चित्रेश श्रीवास्तव को थी क्योंकि वह भारत सहित अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनका काम देखते हैं.

अभी यह स्पष्ट नहीं है कि राहत फ़तेह अली ख़ान से पूछताछ पूरी हो गई या अभी पूछताछ जारी रहेगी.अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि उनके ख़िलाफ़ फ़ेमा के तहत मामला दर्ज किया जा सकता है लेकिन इस बारे में स्पष्ट रुप से कुछ नहीं कहा गया है.गत 13 फ़रवरी दुबई से दिल्ली के रास्ते लाहौर जाते समय उन्हें और उनके सहयोगियों को हिरासत में लिया गया था. उनके पास से भारी संख्या में विदेशी मुद्रा मिलने के बाद उनका पासपोर्ट ज़ब्त कर लिया गया था.

इसके बाद पाकिस्तान ने भारत पर दबाव बनाना शुरु कर दिया था और पाकिस्तान के गृहमंत्री रहमान मलिक ने भारतीय अधिकारियों से फ़ोन पर बात करके उनकी पैरवी भी की थी.इसके बाद भारत ने उनका वीज़ा अवधि बढ़ा दी है और उन्हें होटल में ठहरने की अनुमति दे दी है.निदेशालय के सूत्रों का कहना है कि पूछताछ के दौरान भारतीय अधिकारियों के व्यवहार से सूफ़ी गायक संतुष्ट नज़र आए लेकिन उनके मन में ये आशंका बनी हुई है कि उनके ख़िलाफ़ मामला दर्ज हो सकता है.

राहत फ़तेह अली ख़ान पिछले कुछ वर्षों में हिंदी फ़िल्म इंडस्ट्री में काफ़ी लोकप्रिय हो चुके हैं.हाल ही में उन्हें फ़िल्म 'इश्क़िया' के गीत 'दिल तो बच्चा है जी' के लिए सर्वश्रेष्ठ गायक का फ़िल्म फ़ेयर अवॉर्ड भी मिला है.

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+