हरिद्वार में अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 3 गिरफ्तार
देहरादून, 16 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तराखण्ड में हरिद्वार जनपद के तहत ज्वालापुर पुलिस ने बुधवार को एक अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के गिरफ्तार तीन सदस्यों की निशानदेही पर 12 मोटरसाइकिल बरामद की हैं। पकड़े गए वाहन चोर उत्तराखण्ड और उत्तर प्रदेश में बाइक चोरी करते थे।
ज्वालापुर थाना प्रभारी बीएस चौहान ने बताया कि पुलिस को आज सूचना मिली की गिरोह के सदस्य रानीपुर झाल के पास एक युवक को चोरी की बाइक बेच रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस पर वरिष्ठ सब इंस्पेक्टर प्रदीप पंत और अन्य पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और उन्होंने तीन वाहन चोरों को पकड़ लिया।
चौहान ने बताया कि पकड़े गए चोरों ने अपने नाम अनिल निवासी बहादराबाद, मनीष मुजफ्फरनगर और संजय निवासी मुजफ्फरनगर बताए हैं। उन्होंने बताया कि इनकी निशानदेही पर पुलिस ने एक दर्जन चोरी की बाइक बरामद की हैं। उन्होंने बताया कि ये उत्तराखण्ड और उत्तर प्रदेश में बाइक चोरी करते थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications