जेपीसी मुद्दे पर भाजपा नेताओं से मिले प्रणब
भाजपा नेताओं ने जोर देकर कहा कि संसद के बजट सत्र की शुरुआत में जेपीसी के गठन की घोषणा होनी चाहिए।
ज्ञात हो कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने बुधवार को टेलीविजन समाचार चैनलों के सम्पादकों के साथ हुई बैठक में कहा कि वह जेपीसी सहित किसी अन्य समिति के समक्ष पेश होने से चिंतित नहीं हैं। प्रधानमंत्री के इस बयान के बाद मुखर्जी ने भाजपा नेताओं के साथ बैठक की।
संसद के बजट सत्र की शुरुआत 21 फरवरी से होनी है। शीतकालीन सत्र की तरह यह सत्र भी गतिरोध का भेंट न चढ़े यह सुनिश्चित करने के लिए मुखर्जी ने लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज और राज्यसभा में विपक्ष के नेता अरुण जेटली से मुलाकात की।
बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री पी.चिदम्बरम, संसदीय मामलों के मंत्री पवन कुमार बंसल और स्वास्थ्य मंत्री गुलाम नबी आजाद भी मौजूद थे।
स्वराज ने पत्रकारों से कहा, "हमने अनुरोध किया कि 22 फरवरी को जेपीसी के गठन की घोषणा होनी चाहिए जिससे कि संसद में उसी दिन से कामकाज हो सके।" उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील 21 फरवरी को संसद के दोनों सदनों के संयुक्त सत्र को सम्बोधित करेंगी लेकिन भाजपा उनके अभिभाषण में अवरोध उत्पन्न नहीं करेगी।
स्वराज ने चेतावनी दी कि यदि जेपीसी के गठन की घोषणा अगले दिन नहीं हुई तो 'संसद की कार्यवाही में गतिरोध उत्पन्न किया जाएगा।'
सोशल नेटवर्किं ग वेबसाइट ट्विटर पर स्वराज ने कहा, "हमने अपनी जेपीसी की मांग दोहराई..हमें उम्मीद है कि सरकार हमारी मांग मान लेगी और गतिरोध समाप्त हो जाएगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications