बाघ संरक्षण पर जागरूकता के लिए बनी लघु फिल्म
देहरादून, 16 फरवरी (आईएएनएस)। बाघ संरक्षण के लिए फिल्म के जरिए लोगों को जागरूक करने के लिए वन विभाग ने एक नई पहल की शुरुआत की है। 'मिशन टाइगर' नाम से बनाई गई फिल्म में शिकारियों की कार्यप्रणाली के साथ ही मानव-वन्यजीव संघर्ष के बारे में भी जानकारी दी गई है। देहरादून स्थित वन अनुसंधान संस्थान 'एफ आरआई' के ऑडिटेरियम हॉल में गुरुवार को इस फिल्म का पहला शो प्रदर्शित किया जाएगा।
वन विभाग बाघ और वन्य जीव संरक्षण के प्रति जागरूकता और शिकारियों पर अंकुश लगाने के लिए कार्य तो कर रहा है लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद शिकारी वन्य क्षेत्रों में सक्रिय हैं। जिस पर वन विभाग ने जागरूकता फैलाने के लिए फिल्म का सहारा लिया है।
नैनीताल वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी बीजू लाल ने आज बताया कि शिकारी कैसे घात लगाते हैं? उनके कार्य करने का तरीका और क्षेत्र क्या है? यह जानकारी आम लोगों को नहीं है। उन्होंने बताया कि इन सभी जानकारियों को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए मिशन टाइगर नाम से फिल्म बनायी गयी है जो दृश्य और श्रव्य दोनों माध्यम होने से लोगों पर इसका ज्यादा प्रभाव पडेगा।
उन्होंने बताया कि इसमें मानव-वन्यजीव संघर्ष के बारे में भी जानकारी दी गयी है। उन्होंने बताया कि फिल्म को थियेटर में रिलीज करने की तैयारी की जा रही है और साथ ही स्कूल और कालेज में भी यह फिल्म प्रदर्शित की जाएगी। उन्होंने बताया कि गुरुवार शाम को देहरादून स्थित वन अनुसंधान संस्थान 'एफ आरआई' के ऑडिटेरियम हॉल में इस फिल्म का पहला शो प्रदर्शित किया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications