दिल्ली मंत्रिमंडल में फेरबदल, गोस्वामी को मिली जगह
राजेंद्र नगर से तीन बार विधायक चुने गए गोस्वामी को उपराज्यपाल तेजेंद्र खन्ना ने राज भवन में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। गोस्वामी इसके पहले दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष और मुख्यमंत्री के संसदीय सचिव के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
दिल्ली सरकार के एक अधिकारी ने बताया, "विभागों के दोबारा बंटवारे में मुख्यमंत्री ए.के. वालिया से वित्त एवं शहरी विकास मंत्रालय लेकर उन्हें स्वास्थ्य एवं राजस्व का प्रभार सौंप सकती हैं।"
अधिकारी ने बताया, "मुख्यमंत्री वित्त मंत्रालय को अपने अधीन कर सकती हैं।"
ज्ञात हो कि वालिया मुख्यमंत्री के साथ अपने अच्छे सम्बंधों के लिए नहीं जाने जाते हैं। कई मौकों पर दोनों नेताओं के मतभेद खुलकर सामने आए हैं।
सूत्रों ने बताया कि गोस्वामी को शिक्षा जबकि राज कुमार चौहान को शहरी विकास मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली सरकार में मुख्यमंत्री सहित कैबिनेट मंत्रियों की संख्या सात है।
अपने लगातार तीसरे कार्यकाल में दूसरा वर्ष पूरा करने के दो महीने बाद मुख्यमंत्री ने यह फेरबदल किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications