चीन के सैन्य आधुनिकीकरण से चिंतित नहीं : एंटनी
एंटनी ने रक्षा सम्बंधी एक कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं से कहा, "चीनी सशस्त्र बलों का आधुनिकीकरण एवं उसका अब तक सबसे बड़ा सैन्य बजट गम्भीर चिंता का विषय है। लेकिन हम अनावश्यक रूप से चिंतित नहीं हैं, क्योंकि हमें अपने सशस्त्र बलों का आधुनिकीकरण करने की जरूरत है।"
एंटनी ने चीन की बढ़ रही सैन्य ताकत पर पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में कहा, "हमें भी अपनी क्षमताएं बढ़ानी होंगी और अपनी अधोसंरचना को मजबूत करना होगा। हम इस काम को कर रहे हैं। भारत सरकार किसी भी हिस्से से आने वाली किसी भी चुनौती से निपटने के लिए अब अपने सशस्त्र बलों का भी आधुनिकीकरण कर रही है। हम सीमा से लगी अपनी अधोसंरचनाओं को भी मजबूत कर रहे हैं।"
एंटनी ने कहा कि सरकार रक्षा समीक्षा कर रही है, जो कि एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है, न कि कोई एक बार की प्रक्रिया।
रक्षा मंत्री ने कहा, "हमें हमेशा आधुनिकीकरण करते रहना है और तैयार रहना है। हमें हमेशा अपने आधुनिकीकरण एवं तैयारी की समीक्षा करते रहनी है। जब भी हमें कोई कमी महसूस हो, हमें उस कमी को दूर कर देना है। यह प्रक्रिया जारी है।"
एंटनी ने कहा, "हम चीन के सैन्य आधुनिकीकरण से अनावश्यक रूप से चिंतित नहीं हैं, लेकिन हमें अपनी रक्षा तैयारियों की एक व्यापक समीक्षा करने और हमेशा चौकस रहने की जरूरत है।"
चीन के साथ लम्बे समय से लम्बित सीमा विवाद पर एंटनी ने कहा कि जटिल समस्या केवल संवाद एवं चर्चाओं के जरिए ही सुलझाई जा सकती है।
उन्होंने कहा, "हम किसी अन्य देश के आधुनिकीकरण की दृष्टि से अपने सशस्त्र बलों का आधुनिकीकरण नहीं कर रहे हैं। हमने अपने आसपास के सुरक्षा परिदृश्य का एक व्यापक अध्ययन किया है और उसके आधार पर हम अपनी रक्षा तैयारियों की हमेशा समीक्षा कर रहे हैं तथा सशस्त्र बलों का आधुनिकीकरण कर रहे हैं।"
अप्रैल में होने जा रहे भारत-अमेरिका मालबार श्रेणी के नौसेना अभ्यास के संदर्भ में एंटनी ने कहा कि यह सैन्य अभ्यास भारतीय नौसेना की क्षमताओं के विकास के लिए है और किसी देश के खिलाफ नहीं है। उन्होंने कहा कि मालबार श्रृंखला 15 वर्ष पुरानी है और यह हर वर्ष आयोजित की जाती है। वामपंथी पार्टियां इस सैन्य अभ्यास को चीन केंद्रित बताती हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications