ईरान में विरोध प्रदर्शनों में 2 की मौत
अल जजीरा चैनल के हवाले से कहा गया है कि सरकारी सूत्रों ने अब तक दो प्रदर्शनकारियों की मौत की पुष्टि की है। इनमें 26 साल का युवक साना जालेह व 22 वर्षीय युवक मोहम्मद मोख्तारी शामिल हैं। दोनों के एक प्रतिबंधित संगठन 'पीपुल्स मुजाहिद्दीन ऑफ ईरान' के सदस्यों द्वारा मारे जाने की बात कही गई है।
वैसे इस संगठन ने मंगलवार को इन आरोपों से इंकार किया था। उसका कहना था कि सरकारी सुरक्षा बलों ने प्रदर्शनकारियों को दबाने की कोशिश की, उन पर गोलियां चलाईं और आंसू गैस के गोले छोड़े।
मिस्र और ट्यूनीशिया में हुए विरोध प्रदर्शन के समर्थन में विपक्ष के नेता मीर-हुसैन मौसावी और मेहदी करौबी ने सोमवार को विरोध-प्रदर्शनों का आह्वान किया था। मौसावी और करौबी दोनों नजरबंद हैं और वे विरोध प्रदर्शनों में हिस्सा नहीं ले सके। संसद के स्पीकर अली लारिजानी ने इन विरोध प्रदर्शनों के लिए अमेरिका को दोषी ठहराया है।
राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद का कहना है कि तेहरान में सरकार विरोधी प्रदर्शनों की योजना बनाने वाले दुश्मन अपना लक्ष्य हासिल नहीं कर सकेंगे।
अहमदीनेजाद ने मंगलवार को एक टेलीविजन साक्षात्कार में कहा कि ईरान प्रगति के शिखर को छूना चाहता है और दुनिया के साथ अपने रिश्तों में बदलाव चाहता है, इसलिए उसके दुश्मन हैं। उन्होंने कहा कि विरोध प्रदर्शनों की योजना बनाने वाले अपना लक्ष्य हासिल नहीं कर सकेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications