बर्लुस्कोनी के खिलाफ मुकदमे की सुनवाई 6 अप्रैल को
मिलान (इटली), 15 फरवरी (आईएएनएस)। इटली के न्यायाधीशों ने एक नाबालिग वेश्या से यौन सम्बंध बनाने और पद का दुरुपयोग करने के आरोपों का सामना कर रहे इटली के प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी के खिलाफ मुकदमे की पहली सुनवाई की तारीख 6 अप्रैल मुकर्रर की है।
समाचार एजेंसी डीपीए ने न्यायाधीश क्रिस्टिना डि सेन्सो के हवाले से बताया कि तीन महिला न्यायाधीश- कारमेन डि एलिया, ओर्सालीना डि क्रिस्टोफारो तथा जूलिया तूरी मुकदमे की सुनवाई करेंगी।
मोरक्को की 17 वर्षीय गो-गो नृत्यांगना करीमा अल माहरौग ने बर्लुस्कोनी के खिलाफ आरोप का पहली बार रहस्योद्घाटन पिछले वर्ष नवम्बर में किया था।
पिछले हफ्ते मिलान में अभियोग पक्ष के वकीलों ने तथ्य पेश कर बर्लुस्कोनी के खिलाफ मुकदमे की त्वरित सुनवाई करने का अनुरोध किया था। पेश किए गए तथ्यों में अधिकांश फोन टैपिंग से जुड़े हुए हैं। अभियोग पक्ष का कहना है कि तथ्यों से यह साबित होता है कि बर्लुस्कोनी ने यौन सम्बंध बनाने के एवज में अल माहरौग (नृत्यांगना के रूप में नाम रूबी रूबाक्योरी) को पैसे दिए थे।
अभियोग पक्ष के वकीलों ने 74 वर्षीय बर्लुस्कोनी पर पद के दुरुपयोग का आरोप भी लगाया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने पिछले वर्ष मई में चोरी के इल्जाम में पुलिस द्वारा पकड़ी गई अल माहरौग को बचाने के लिए हस्तक्षेप किया।
खबर में कहा गया है कि बर्लुस्कोनी ने पुलिस से यह दावा करते हुए अल माहरौग को रिहा करने के लिए कहा था कि वह मिस्र के तत्कालीन राष्ट्रपति हुस्नी मुबारक की भतीजी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications