उप्र में बालश्रम करवा रहा सरकारी विभाग!
बुलंदशहर, 15 फरवरी (आईएएनएस)। एक तरफ जहां सरकार समय-समय पर बालश्रम के खिलाफ अभियान चलाती रहती है, वहीं दूसरी तरफ राज्य सरकार के अधीन एक नगरीय विकास विभाग आवास योजना के भवनों की रंगाई-पुताई का काम बच्चों से करा रहा है।
मुख्यमंत्री मायावती के संभावित बुलंदशहर दौरे को देखते हुए बुलंदशहर-खुर्जा विकास प्राधिकरण कांशीराम शहरी गरीब आवासीय योजना के तहत बनाए गए आवासों की रंगाई-पुताई का काम बच्चों से करवा रहा है।
उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से गरीब तबके के लोगों को आवास मुहैया कराने के लिए शुरू की गई कांशीराम शहरी गरीब आवासीय योजना के तहत कालिंदी कुंज (खुर्जा) में बने आवासों की रंगाई-पुताई का काम 14 साल या इससे कम उम्र के कई बच्चों को करते देखा जा रहा है।
काम में लगे इन बच्चों का कहना है कि उन्हें हर रोज सौ रुपये मेहनताना देने की बात कही गई है। 13 साल के सुहैल ने मंगलवार को संवाददाताओं से कहा, "मुझे मकानों की रंगाई करने के लिए कहा गया है। ठेकेदार ने काम के बदले मुझ्झे रोज 100 रुपये देने का वादा किया है।"
खुर्जा में सुहैल की तरह उसकी उम्र के कई बच्चों को हाथ में कूची और पेंट की बाल्टी लिए सीढ़ी पर चढ़कर रंगाई करते देखा जा सकता है। इन बच्चों का कहना है कि इनसे कहा गया है कि "रंगाई- पुताई का काम जल्दी पूरा करो, क्योंकि मुख्यमंत्री मायावती कभी भी यहां निरीक्षण करने पहुंच सकती हैं।"
मंगलवार को जब बुलंदशहर-खुर्जा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष आनंद वर्धन से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, "मेरे संज्ञान में अभी तक यह बात नहीं आई थी। आप लोग कह रहे हैं तो यह सुनिश्चित किया जाएगा कि बच्चों को काम में न लगाया जाए।"
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री मायावती पिछले एक सप्ताह से प्रदेश के विभिन्न जिलों का ताबड़तोड़ दौरा कर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की और विकास कार्यो का निरीक्षण कर रही हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications