ब्रायन के दिल्ली समारोह को लेकर संशय की स्थिति
ब्रायन के भारत में लाखों प्रशंसक हैं। पुणे व मुम्बई में हुए उनके समारोहों में भारी संख्या में प्रशंसक पहुंचे थे।
दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता रंजन भगत ने आईएएनएस को बताया, "जहां तक मैं जानता हूं, कार्यक्रम आयोजकों को अब तक एनओसी नहीं दी गई है।"
दक्षिण दिल्ली के ओखला औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एनएसआईसी प्रदर्शनी मैदान में मंगलवार शाम ब्रायन के संगीत समारोह का आयोजन होना था। दिल्लीवासी पहले ही इसके लिए टिकट खरीद चुके हैं।
कार्यक्रम आयोजक नेटसर्फ एंटरटेनमेंट के प्रवक्ता का कहना है, "हमारी ब्रायन के दल के साथ बैठक चल रही है। हम बैठक के बाद ही इस बात की पुष्टि कर सकेंगे कि यह कार्यक्रम होगा अथवा नहीं।"
सोमवार को हुई अचानक बारिश भी आयोजकों के लिए अड़चनें पैदा कर रही है। वैसे ब्रायन ने दिल्ली में अपने शो को लेकर उम्मीद नहीं खोई है।
उन्होंने सोमवार की रात ट्विटर पर लिखा था, "मैं दिल्ली में हूं और संगीत समारोह के आयोजन को लेकर पुलिस के फैसले का इंतजार कर रहा हूं। जहां तक मेरा सवाल है तो मैं यही कहूंगा कि शो होगा, हम अपने प्रशंसकों के मनोरंजन के लिए यहां पहुंच गए हैं।"
दिल्ली पुलिस की एनओसी देने वाली शाखा के एक अधिकारी ने बताया, "हमने एनओसी रोक ली है क्योंकि स्थानीय पुलिस से सूचना मिली है कि आयोजकों ने कार्यक्रम स्थल की क्षमता से अधिक टिकटों की बिक्री की है। इसलिए कार्यक्रम का प्रबंध मुश्किल होगा।"
ब्रायन इन दिनों भारत में पांच शहरों की संगीत यात्रा पर हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications