यमन में विरोध प्रदर्शन के दौरान 17 घायल, 165 गिरफ्तार
सना में सोमवार को हजारों की संख्या में छात्रों, वकीलों और अन्य लोगों ने शहर के अल तहरीर चौक पहुंचने के लिए जुलूस निकाला। अर्धसैनिक बलों के करीब 2,000 जवानों ने जब इस जुलूस को रोका तो दोनों पक्षों के बीच हिंसक झड़प हुई।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक सना में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए बल प्रयोग किया जिससे सात लोग घायल हो गए और 15 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक एक स्थानीय पत्रकार मोहम्मद गुरेब ने कहा, "सादे कपड़ों में मौजूद पुलिसकर्मियों ने मुझे पीटा और खींचकर एक सरकारी गाड़ी में ले गए। उन्होंने मुझ पर सरकार के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया है और मुझे छोड़ने से पहले लंबी पूछताछ की।"
तईज में भी प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हुए संघर्ष में 10 लोग घायल हो गए और लगभग 150 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।
एक स्थानीय नागरिक ने कहा, "प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षा बलों को तईज के मुख्य चौराहे से पीछे खदेड़ दिया है। प्रदर्शनकारी अभी भी मुख्य चौराहे पर डटे हुए हैं। सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर रखा है।"
प्रदर्शनकारी यमन में 33 सालों से सत्ता पर काबिज राष्ट्रपति अली अब्दुल्ला सालेह के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications