ईरान में विपक्षी नेता मौसावी नजरबंद
तेहरान, 15 फरवरी (आईएएनएस)। ईरान में विपक्ष के नेता मीर हुसैन मौसावी को नजरबंद कर दिया गया है। यह जानकारी उनकी आधिकारिक वेबसाइट पर दी गई है।
समाचार एजेंसी एकेआई के अनुसार वेबसाइट पर सोमवार को जारी बयान में कहा गया है कि इस कदम को, मिस्र में हुए लोकतंत्र समर्थक विरोध प्रदर्शनों के प्रति एकजुटता दिखाने के लिए आयोजित होने वाले एक विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेने से मौसावी को रोकने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
ईरान की पुलिस ने एहतियात के तौर पर इसी तरह की कार्रवाई असंतुष्ट नेता मेहदी करौबी के खिलाफ भी की है।
अधिकारियों ने विरोध प्रदर्शनों को रोकने के क्रम में वेबसाइट्स और सैटेलाइट चैनलों को भी ठप्प कर दिया है, ताकि सूचनाओं का प्रसार न हो सके।
एक प्रत्यक्षदर्शी द्वारा सोशल नेटवर्किं ग साइट 'ट्विटर' पर जारी संदेश के मुताबिक तेहरान में सोमवार को सरकार विरोधी हजारों प्रदर्शनकारी एकत्र हुए। कुछ प्रदर्शनकारियों और अर्धसैनिक बलों के बीच झड़प भी हुई। बाद में पुलिस ने 10 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
मिस्र में जारी लोकतंत्र समर्थकों के साथ एकजुटता दिखाने के लिए मध्य तेहरान में एकत्र हुए प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications