ब्रायन का दिल्ली 'शो' स्थगित (लीड-1)
दिल्ली पुलिस और दिल्ली अग्निशमन विभाग के साथ एक लंबी बैठक के बाद संगीत समारोह के आयोजक नेटसर्फ एंटरटेनमेंट ने मंगलवार दोपहर घोषणा की कि भारी बारिश और तकनीकी परेशानियों के चलते कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है और आगे किसी दिन यह आयोजन होगा।
ब्रायन को भारत लाने वाली कम्पनी नेटसर्फ एंटरटेनमेंट के सीईओ सुजीत जैन ने आईएएनएस से कहा, "हम बाद की किसी तारीख में कार्यक्रम आयोजित करेंगे। बारिश के कारण एनएसआईसी मैदान गीला हो गया है और इस वजह से संगीतकारों व आयोजन समिति के लिए ध्वनि उपकरण लगाना जटिल हो गया है। पुलिस व अग्निशमन विभाग के साथ हुई ब्रायन के दल व हमारे तकनीशियनों की बैठक में यह फैसला लिया गया।"
जैन ने कहा कि ब्रायन दिल्ली में प्रस्तुति देने के लिए बहुत उत्साहित थे और वह नेपाल में अपनी प्रस्तुति देने के बाद यहां लौटने में रुचि दिखा रहे हैं। उन्होंने कहा, "हम उनके वीजा व यात्रा विवरण पर काम कर रहे हैं। वह बहुत व्यस्त हैं क्योंकि उनके बांग्लादेश और नेपाल में एक के बाद एक दो संगीत समारोह हैं।"
दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता रंजन भगत ने आईएएनएस को बताया, "कार्यक्रम आयोजकों को सुरक्षा कारणों से अनापत्ति प्रमाणपत्र नहीं दिया है।"
ब्रायन ने ट्विटर के जरिए जानकारी दी है, "पुलिस ने लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दिल्ली संगीत समारोह रद्द कर दिया है।"
दक्षिण दिल्ली के ओखला औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एनएसआईसी प्रदर्शनी मैदान में मंगलवार शाम ब्रायन के संगीत समारोह का आयोजन होना था। दिल्लीवासी पहले ही इसके लिए टिकट खरीद चुके हैं।
आयोजक कम्पनी का कहना है कि जो लोग ब्रायन के नई तिथि में होने वाले शो में शामिल नहीं होना चाहते वे अपने टिकटों का पैसा वापस ले सकते हैं, इसके लिए उन्हें कम्पनी से सम्पर्क करना होगा। जहां से टिकट खरीदे थे उन्हीं टिकट खिड़कियों पर इसके लिए सम्पर्क किया जा सकता है।
वैसे आयोजकों ने अभी संगीत समारोह की नई तिथि घोषित नहीं की है।
इससे पहले दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने बताया था, "हमने अनापत्ति प्रमाणपत्र रोक लिया है क्योंकि स्थानीय पुलिस से सूचना मिली है कि आयोजकों ने कार्यक्रम स्थल की क्षमता से अधिक टिकटों की बिक्री की है। इसलिए कार्यक्रम का प्रबंध मुश्किल होगा।" ब्रायन इन दिनों भारत में पांच शहरों की संगीत यात्रा पर हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications