ईरान में प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाबलों के बीच झड़प, मौसावी नजरबंद (लीड-1)
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक तेहरान के इंगहेलाब चौक पर सुरक्षाबलों और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़पें हुईं।
ईरान के विपक्षी नेता मीर हुसैन मौसावी और उनके सहयोगी मेहदी करौबी ने मिस्र और ट्यूनीशिया में हुए विरोध प्रदर्शनों के समर्थन में सोमवार को प्रदर्शन करने का ऐलान किया था।
प्रदर्शनकारी अलग-अलग समूहों में बंटकर शांतिपूर्ण तरीके से आजादी चौक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन सुरक्षाबलों ने उन्हें खदेड़ दिया। इसके अलावा इमाम खुमैनी चौक, हफ्त-ए-तीर चौक पर भी प्रदर्शनकारी एकत्र हुए। करीम खान और वाली-ए-अस्र मार्गो पर भी लोगों ने प्रदर्शन किया।
समाचार एजेंसी एकेआई के मुताबिक ईरान में विपक्ष के नेता मीर हुसैन मौसावी को नजरबंद कर लिया गया है।
मौसावी की वेबसाइट पर जारी बयान में इस कदम को विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेने से उन्हें रोकने के प्रयास के रूप में बताया गया है। इसके मुताबिक मिस्र में हुए लोकतंत्र समर्थक विरोध प्रदर्शनों के प्रति एकजुटता दिखाने के लिए यह प्रदर्शन आयोजित की गई है।
ईरान की पुलिस ने एहतियात के तौर पर इसी तरह की कार्रवाई असंतुष्ट नेता मेहदी करौबी के खिलाफ भी की है।
अधिकारियों ने विरोध प्रदर्शनों को रोकने के क्रम में वेबसाइट्स और सैटेलाइट चैनलों को भी ठप्प कर दिया है, ताकि सूचनाओं का प्रसार न हो सके।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications