आरटीआई कार्यकर्ता की बहू की हत्या में सरपंच गिरफ्तार
फतेहाबाद (हरियाणा), 13 फरवरी (आईएएनएस)। सूचना का अधिकार (आरटीआई) कार्यकर्ता की पुत्रवधू की हत्या के सिलसिले मेंहरियाणा पुलिस ने एक गांव के सरपंच और उसके चालक को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने रविवार को बताया कि मारी गई महिला की पहचान चंद्रावल गांव निवासी सोनू के रूप में की गई है। शनिवार को सरपंच के वाहन ने उसे कुचल दिया था।
महिला के ससुर जगदीश सिंह ने आरटीआई कानून की मदद से हाल ही में पेंशन भुगतान में घपले का पर्दाफाश किया था।
पुलिस का कहना है कि जगदीश के प्रयास से घपला उजागर होने के बाद चंद्रावल गांव के सरपंच धर्मबीर मलिक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।
मामले के जांच अधिकारी शमशेर सिंह धया ने बताया, "धर्मबीर और उसका चालक सतबीर सिंह अपनी इनोवा कार से शनिवार को जगदीश के गांव से होकर गुजर रहे थे। उन्होंने जगदीश को कार से कुचलने का प्रयास किया, लेकिन सोनू ने धक्का देकर उसे बचा लिया। इस बीच कार ने सोनू को कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।"
उन्होंने बताया कि जगदीश के पैर कार के पहियों तले कुचल दिए गए। वह अस्पताल में भर्ती है। गिरफ्तार दोनों आरोपी पुलिस रिमांड पर हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications