प्रधानमंत्री से उल्फा नेताओं ने की भेंट (लीड-1)
नई दिल्ली, 10 फरवरी (आईएएनएस)। प्रतिबंधित युनाइटेड लिबरेशन फ्रंट ऑफ असम (उल्फा) के नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से भेंट की। असम में पिछले 30 वर्षो से जारी उग्रवाद को खत्म करने के लिए केंद्र सरकार ने पिछले दिनों उल्फा से वार्ता आरम्भ की।
उल्फा के अध्यक्ष अरविंद राजखोवा के नेतृत्व में एक आठ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने 7, आरसीआर स्थित प्रधानमंत्री आवास पर प्रधानमंत्री से मुलाकात की। मुलाकात संक्षिप्त रही और इसे शिष्टाचार भेंट बताया गया।
एक अधिकारी ने बताया, "यह मुलाकात लगभग 10 मिनट के लिए हुई। यह शिष्टाचार मुलाकात थी।"
उल्फा नेताओं के इस दल ने गुरुवार को केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदम्बरम और केंद्रीय गृह सचिव जी. के. पिल्लै से मुलाकात की थी।
उन्होंने कहा कि उल्फा राजनीतिक वार्ता के जरिए असम में समाधान चाहता है।
उल्फा के आठ शीर्ष नेता शांति वार्ता के लिए सरकार द्वारा जमानत पर रिहा किए गए हैं। उल्फा के प्रमुख परेश बरुआ ने कथित तौर पर शांति प्रक्रिया की कवायद को खारिज कर दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications