ब्रायन एडम्स के कार्यक्रम को नहीं मिली इजाजत
ब्रायन के भारत में लाखों प्रशंसक हैं। पुणे व मुम्बई में हुए उनके समारोहों में भारी संख्या में प्रशंसक पहुंचे थे।
ब्रायन के कार्यक्रम मंगलवार को होने वाला था। पुलिस ने सोमवार को बताया कि समारोह स्थल पर जितने लोगों के बैठने की जगह है उससे कहीं ज्यादा संख्या में इसके टिकटों की बिक्री की गई है।
दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता राजन भगत ने बताया, "अब तक हमने आयोजकों को यह कार्यक्रम आयोजित करने के लिए एनओसी नहीं दी है। हमने आयोजकों का आवेदन अस्वीकृत कर दिया है।"
दक्षिण दिल्ली के ओखला औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एनएसआईसी प्रदर्शनी मैदान में मंगलवार शाम ब्रायन के संगीत समारोह का आयोजन होना था। दिल्लीवासी पहले ही इसके लिए टिकट खरीद चुके हैं।
दिल्ली पुलिस की एनओसी देने वाली शाखा के एक अधिकारी ने बताया, "हमने एनओसी रोक ली है क्योंकि स्थानीय पुलिस से सूचना मिली है कि आयोजकों ने कार्यक्रम स्थल की क्षमता से अधिक टिकटों की बिक्री की है। इसलिए कार्यक्रम का प्रबंध मुश्किल होगा।"
आयोजकों से सम्पर्क करने पर उन्होंने बताया कि समारोह स्थगित नहीं किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications