बंगाल में संदिग्ध नक्सलियों ने युवक की हत्या की
कोलकाता, 14 फरवरी (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के पश्चिमी मिदनापुर जिले में नक्सलियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी है। नक्सली इस युवक को पुलिस का मुखबिर मानते थे।
पश्चिमी मिदनापर के पुलिस उपाधीक्षक पिनाकी रंजन दास ने सोमवार को बताया, "उड़ीसा-बंगाल सीमा के नजदीक रहरागुटा गांव से 27 वर्षीय परिमल हंसदा का गोलियों से छलनी शव मिला है।"
घटनास्थल से बरामद हुए कई नक्सली पोस्टरों में इस हत्या की जिम्मेदारी ली गई है। ये पोस्टर उड़िया भाषा में थे।
दास ने फोन पर आईएएनएस को बताया कि पोस्टरों में लिखा हुआ है कि युवक के पुलिस का मुखबिर होने की वजह से उसकी हत्या की गई।
वैसे युवक के पारिवारिक सदस्यों का कहना है कि रविवार को हंसदा के घर पर 15 सशस्त्र सैनिकों ने धावा बोला और वे उसे खींचते हुए ले गए। बाद में उसे घर से कुछ मीटर की दूरी पर ले जाकर गोली मारकर उसकी हत्या कर दी गई।
दास ने बताया कि मामले में नक्सलियों का हाथ होने की खबर उड़ीसा से आई है।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि हंसदा एक सम्पन्न परिवार से था लेकिन उस पर नक्सलियों के नाम पर लोगों से पैसा ऐंठने के आरोप लगते हैं।
पश्चिम बंगाल के पश्चिमी मिदनापुर, पुरुलिया और बांकुरा जिले नक्सलियों के गढ़ कहे जाते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications