यमन में पुलिस एवं प्रदर्शनकारियों के बीच संघर्ष
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार पुलिस ने उस समय हस्तक्षेप किया, जब राष्ट्रपति अली अब्दुल्ला सालेह के इस्तीफे की मांग को लेकर लगभग 3,000 लोगों ने राष्ट्रपति भवन की ओर बढ़ना शुरू किया।
पुलिस एवं रिपब्लिकन गार्ड के जवानों ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया। प्रदर्शनकारियों में मुख्यरूप से विद्यार्थी शामिल थे। पुलिस ने इस दौरान सात पत्रकारों, पांच मानवाधिकार कार्यकर्ताओं और 10 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर लिया। बाद में सभी को रिहा कर दिया गया।
विपक्ष के सूत्रों ने कहा है कि इस घटना में कम से कम चार व्यक्ति घायल हुए हैं।
इस बीच देश के मुख्य विपक्षी गठबंधन, ज्वाइंट मीटिंग पार्टीज ने रविवार को कहा कि राजनीतिक सुधारों पर राष्ट्रीय संवाद में हिस्सा लेने के लिए उसने सालेह के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है।
ज्ञात हो कि सालेह ने पिछले सप्ताह कहा था कि वह 2013 में अपना मौजूदा कार्यकाल समाप्त होने के बाद दोबारा राष्ट्रपति नहीं बनना चाहेंगे और इसके साथ ही उन्होंने अप्रैल में प्रस्तावित संसदीय चुनाव को तबतक के लिए स्थगित करने का वादा किया था, जबतक कि चुनावी प्रणाली के सुधार पर विपक्ष के साथ बातचीत अंतिम निष्कर्ष तक नहीं पहुंच जाती।
पिछले सप्ताह सालेह के इस्तीफे की मांग को लेकर सना और यमन के अन्य मुख्य शहरों में हजारों की संख्या में विपक्षी समर्थकों ने सड़कों पर प्रदर्शन किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications